!!शिक्षा नीति बहुभाषिता,बहुसांस्कृतिकता  को प्रतिबिंबित करने वाली!!

 


शिक्षा में मूल्यों के समाधान की बात संस्कृत और साहित्य  में तब तक पूरी नहीं की जा सकती जब तक नई शिक्षा नीति में बहुभाषिकता और बहुसांस्कृतिकता प्रतिबिंबित न हो।...


 प्रगति के लिए निरंतरता और परिवर्तन की सदैव आवश्यकता होती है। केन्द्र सरकार ने राष्ट्र के उत्थान और गौरव को र्आिथक योजनाओं के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय फलक पर भारत को महाशक्तियों के समक्ष बराबरी में खड़ा करने तथा मेक इन इंडिया की संकल्पना को विस्तार देने का कार्य किया गया। अब एक महत्वपूर्ण कदम भारतीय शिक्षा मूल्यों के संदर्भ को शिक्षा-प्रणाली के साथ संबद्ध करने का जो कार्य किया जा रहा है। नई शिक्षा नीति में कौशल विकास,भाषा समन्वय और अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक आदान-प्रदान करने के साथ-साथ शोध की ऐसी परियोजनाओं को महत्व दिया गया है,जो राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें।


शिक्षा में भारतीय चिंतन परंपरा,बहुभाषिकता और बहुसांस्कृतिकता को प्रतिबिंबित करने वाली नई शिक्षा नीति का प्रादुर्भाव एक लंबे अंतराल के बाद हुआ है। किसी भी सशक्त राष्ट्र के निर्माण में मूल्यों एवं आचरण की शिक्षा की विशेष भूमिका और आवश्यकता होती है।  नई शिक्षा नीति में भारतीय मूल्यों को समाविष्ट करने के साथ ही एक प्रकार से सार्थक ढंग से पाठ्यक्रमों और पाठचर्या के साथ जोड़ने की प्रविधियां विकसित की गई हैं। जिसके माध्यम से भारतीय शिक्षा को नवीन और भारत के अनुरूप बनाने के लिए एक नई शिक्षा नीति बनाई गई है। इसके क्रियान्वयन के लिए नियत घटकों में एक बिंदु भाषा संगम का है, जिसमें विद्यालयों और शैक्षिक संस्थानों से आग्रह किया गया है कि वे ऐसे कार्यक्रमों का निर्माण करें, जिनसे भारत की संविधान स्वीकृत 22 भाषाओं को स्थान और गौरव मिल सके। इसका एकमात्र लक्ष्य शिक्षा क्षेत्र में विभिन्न संस्कृतियों के लोगों के बीच संपर्क के अवसर उत्पन्न करने के साथ ही मातृभाषाओं को उनका उचित स्थान देना है।


भारत की श्रेष्ठता भारतीय भाषाओं और संस्कृतियों में निहित है। इनका समन्वय ही भारत को सक्षम बनाता है।  बहुभाषिक राष्ट्र में रहते हुए यदि चाहें तो अपने निकट अथवा दूर की प्रांतीय भाषाओं का सामान्य परिचय प्राप्त किया जा सकता है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय का हिंदीतर भाषा-भाषियों के लिए विकसित पाठ्यक्रम इसी प्रकृति का है, जिससे वे सामान्य अवसरों एवं स्थलों पर हिंदी में अपना काम चला सकें और हिंदी भाषा की संस्कृति से परिचित हो सकें।


भारतीय शिक्षा में मूल्यों के समाधान की बात संस्कृत और साहित्य की शिक्षा के अभाव में पूरी नहीं की जा सकती। संस्कृत भारतीय दर्शन, चिंतन, मिथकीय संदर्भ और जीवन मूल्यों का कोश है। संस्कृत का ललित साहित्य भी भारतीय दृष्टि का पोषक है और उसका काव्य कौशल तथा व्याकरण संदर्भ अद्भुत है।  
विभिन्न प्रांतों के बीच आत्मीयता स्थापित करने का भी कार्य पिछले एक वर्ष से किया गया है। विभिन्न प्रांतों के खान-पान और पाकविधि, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पर्यटन, युवा उत्सव के साथ ही भिन्न भाषाओं की पुस्तकों के अनुवाद, भिन्न भारतीय भाषाएं सीखने के अवसर ने भिन्न प्रांतों के बीच आपसी समझ को बढ़ाने का सराहनीय कार्य किया है। ऐसा करने से भारत की स्थानीय संस्कृति का मान बढ़ा है। इससे अनेक व्यंजन और उन्हें तैयार करने की विशिष्ट विधि का पारस्परिक बोध संभव हुआ है। इसी तरह खेल-कूद में भी स्थानीय खेलों जैसे खो-खो, कबड्डी के साथ-साथ किल्लो, सिंघोरी, कोकड़ा पाट, गुलहड़ी, इत्ता-इत्ता पानी या रेहची, आमाडांडी, पचगोट्टा, अटकन-चटकन, डंडा-डोहरी आदि की ओर भी अब लोगों का ध्यान जाने लगा है। ये सभी खेल थोड़ा सा रूप बदलकर विभिन्न प्रांतों के आदिवासी और क्षेत्रीय समुदायों में प्रचलित हैं। भारत की जमीनी एकता का यह एक बहुत ही प्रेरक पक्ष है। इसमें संदेह नहीं कि इस प्रकार की योजनाओं को, जिनकी ओर दशकों से ध्यान नहीं दिया गया था, अब इसको साकार करने का समय आ गया है, परंतु जिस योजनाबद्ध ढंग से तथा त्वरित गति से पूर्ण कटिबद्ध होकर इन पर कार्य किया जा रहा है, उसका लाभ मिलने लगा है।